शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में जाम लगाने से कोराना का संक्रमण फैलने का भय।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसके बाद भी लोग घरों में दुबकने के बजाए सड़कों पर घूमते नजर आ रहे है। बुधवार को शहर के सड़कों का जो हाल था, उसे देख कर यह कहीं से नहीं लग रहा था कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण काल चल रहा है। सामान्य दिनों की तरह सड़कों पर भीड़-भाड़ थी और पूरा शहर जाम के झाम में फंसा हुआ नजर आ रहा था।
जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या आठ सौ के आसपास पहुंच गई है। शासन-प्रशासन लगातार लोगों से बिना काम घर से बाहर न निकलने की अपील कर रहा है। इसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं है। काफी संख्या में लोग तो बिना मास्क के ही सड़कों पर चहलकदमी कर रहे है। सोशल डिस्टेंसिंग की हर तरफ धज्जियां उड़ रही है और जिम्मेदार पूरी तरह से मूकदर्शक बने हुए है। बुधवार को शहर में जिस तरह से भीड़ उमड़ी हुई थी और सभी सड़कों पर जाम के झाम का नजारा था, उसे देख कर तो कोई कह ही नहीं सकता है कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण काल चल रहा है। सामान्य दिनों की भांति लोगों का हुजूम सड़कों पर नजर आ रहा था। सबसे बड़ी बात तो यह भी देखने को मिली कि लोग एक दूसरे से किसी भी तरह की दूरी नहीं बना रहे थे। मुख्य चौक से पहाड़पुर मार्ग हो अथवा मातबरगंज मार्ग हो। यहां तक कि कोतवाली के सामने स्थित बंधे पर भी जाम के झाम का नजारा बुधवार को पूरे दिन देखने को मिला।