अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में लगी हार्मोन जांच की मशीन। संवाद
अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में जल्द ही हार्मोन जांच की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए अस्पताल में अत्याधुनिक मशीन पहुंच चुकी है और जांच किट उपलब्ध होते ही मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
इससे क्षेत्र के लोगों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों में महंगी जांच कराने और बड़े शहरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि शासन स्तर पर मशीन उपलब्ध कराने की मांग के बाद अस्पताल को यह मशीन मिल गई है।
किट आते ही जांच शुरू करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी, हालांकि इसका लाभ केवल उन्हीं मरीजों को मिलेगा जिन्हें चिकित्सक की सलाह पर जांच कराने की आवश्यकता होगी।
अस्पताल में टीबी की जांच के लिए ट्रूनेट मशीन भी शुरू कर दी गई है। डॉ. सिन्हा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले शुरू हुई इस सुविधा से मरीजों को काफी सहूलियत मिल रही है।
इस मशीन से बलगम के नमूने की जांच कर टीबी की पुष्टि की जाती है और रिपोर्ट मात्र दो घंटे में मिल जाती है। यह जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जा रही है, जिससे बीमारी की समय पर पहचान और उपचार शुरू करने में मदद मिल रही है। हार्मोन जांच की नई सुविधा शुरू होने से सरकारी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ेगा।