सिविल लाइंस स्थित चर्च।-क्रिशमस तैयारी खबर की फोटो
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। क्रिसमस का पर्व 25 दिसंबर को मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर होली ट्रिनीटी चर्च में तैयारियां तेज हो गई है। चर्च को सजाने संवारने के लिए रंग रोगन का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं बाजार में दुकानों पर भी इस पर्व के आकर्षक गिफ्ट आइटम दुकानों पर सज गए हैं। अभी दुकानदारों को 25 दिसंबर पर होने वाली खरीदारी का इंतजार है।
ईसाई समाज द्वारा 25 दिसंबर को प्रभु ईशु का जन्म दिवस क्रिसमस के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व को लेकर ईसाई समुदाय द्वारा काफी दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। जनपद के होली ट्रिनिटी चर्च में इस दौरान बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्व को लेकर होली ट्रिनिटी चर्च को सजाने का कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि हर बार की अपेक्षा इस बार कार्यक्रमों को फादर की ओर से सीमित कर दिया गया है। फादर रेविडन मोरीशन डाइसन ने बताया कि कोरोना महामारी केे देखते हुए कार्यक्रमों को सीमित कर दिया गया है। 25 दिसंबर के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चर्च में कार्यक्रम होगा। जिसमें प्रार्थना सभा, आराधना और बच्चों के कुछ कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। रविवार की सुबह 9.30 बजे साधारण सर्विस होगी। फिर शाम को पांच बजे से कैंडिल लाइट सर्विस का आयोजन किया जाएगा और बच्चों के भी कुछ कार्यक्रम आयोजित होंगे। फिर सीधे 25 दिसंबर को ही चर्च में प्रार्थना सभा आदि का आयोजन होगा। बीच में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।