शहर के सदावर्ती क्षेत्र में जलाई गई होलिका । संवाद
आजमगढ़। जिले में सोमवार की आधी रात 3593 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। इस दौरान चहुंओर जयकारे गूंजते रहे। सोमवार की शाम से ही इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर सुरक्षा समितियां थी। अति संवेदनशील व संवेदनशील होलिका दहन स्थलों स्थलों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई है। साथ ही फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था थी। सिविल डिफेंस के सदस्यों व संभ्रांत पुलिस मित्र नागरिकों के सहयोग से विशेष टीमें भी मौके पर थी। होली के त्योहार को लेकर सोमवार की सुबह से ही होली की खुमारी शुरू हो गई। उधर, शाम की होलिका दहन की तैयारी के साथ ही हर किसी के चेहरे को रंग देने की ललक लोगों में दिख रही थी। शाम से लोग होलिका दहन की तैयारियों में जुट गए थे। आधी रात को हिंदू रिति-रिवाज के साथ होलिका दहन किया गया। इस दौरान जमकर अबीर-गुलाल उड़े। होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से जिले में करीब 3593 स्थानों पर होलिका दहन चयनित किए गए हैं। इनमें 194 स्थल अतिसंवेदनशील, 186 स्थल संवेदनशील और 3213 स्थल सामान्य श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि होली पर्व के अवसर पर निकलने वाले कुल 14 जुलूसों की पहचान कर उनके लिए समुचित पुलिस व्यवस्था की गई है। 3650 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 2300 पुलिसकर्मी व 1350 होमगार्ड व पीआरडी के जवान शामिल हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करता रहा।
चौक क्षेत्र में रही जाम की स्थिति- होली त्योहार के मद्देनजर चौक क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति लगी रही। होली की तैयारियों व पकवान बनाने के लिए लोगों ने तरह-तरह की सामग्रियां की खरीदारी की। खासकर अबीर-गुलाल की दुकानों पर बच्चों व युवाओं का रेला लगा रहा। मिठाई की दुकान पर खोवा व गुझिया खरीदने वाले सुबह से ही जुटे रहे। इसकी वजह से दिनभर शहर में जाम जैसी स्थिति रही। हालांकि छुट्टी होने की वजह से सभी कार्यालय आदि बंद थे।
सभी प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई है। इसके साथ ही फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था थी। सिविल डिफेंस के सदस्यों व संभ्रांत पुलिस मित्र नागरिकों के सहयोग से विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो त्योहार के दौरान पुलिस को सहयोग प्रदान करेंगी। डाॅ. अनिल कुमार, एसपी