आजमगढ़। पुलिस महकमे के झंडा दिवस पर सोमवार को पुलिस आफिस से लेकर सभी थानों पर पुलिस महकमे का झंडा फहराया गया। पुलिस कर्मियों ने झंडे को जहां सलामी दी तो वहीं डीजीपी का संदेश पढ़कर सभी को सुनाया भी गया।
पुलिस कार्यालय पर एसपी सुधीर कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात डीजीपी के संदेश को पढ़ कर सुनाया। इस मौके पर एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ सिटी राजेश तिवारी के साथ ही पुलिस आफिस पर तैनात पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इसी क्रम में शहर कोतवाली में कोतवाल केके गुप्ता, सिधारी थाने पर प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा, जीआरपी थाने पर प्रभारी श्याम देव ने ध्वजारोहण किया। झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस कर्मियों ने अपने यूनिफॉर्म पर पुलिस ध्वज का प्रतीक स्टीकर भी लगाया। मुबारकपुर संवाददाता के अनुसार थाने पर एसओ अखिलेश मिश्रा ने स्टाफ के साथ ध्वजारोहण किया। सरायमीर थाने पर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने पुलिस ध्वज फहराया और डीजीपी का संदेश पढ़ कर पुलिस कर्मियों को सुनाया।