आजमगढ़। धनतेरस पर हर कोई शुभ के तौर पर कुछ खरीदना चाहता है। हर कोई अपनी व्यवस्था के हिसाब से सामानों की खरीद करता है। कोई जमीन तो सोने चांदी के जेवरात, कोई गाड़ी की खरीद करता है। दो दिन धनतेरस होने के कारण बाजार में जमकर खरीदारी हुई। लेकिन बहुतेरे लोगों ने बृहस्पतिवार को ही जिले में धनतेरस की खरीददारी की। इस दौरान लोग जमीनों की खरीद फरोख्त, गाड़ी और बर्तनों के साथ ही इलेक्ट्रानिक्स के सामानों की खरीद फरोख्त किए। लाक डाउन के बाद छाई मायूसी बिक्री होने के बाद दूर हो गई।
कोरोना महामारी के बाद जबसे बाजार खुला था तबसे बाजार में रौनक नहीं थी। बाजार में लोग तो थे लेकिन सामानों के खरीदार नहीं थे। जिसके कारण दुकानें खुलने के बाद भी दुकानदार परेशान थे। धनतेरस पर दुकानदारों को काफी उम्मीद थी और धनतेरस पर हुई बिक्री ने उन्हें निराश भी नहीं किया। जिसके कारण हर दुकानदार में छाई मायूसी दूर हुई। लोगों ने कोरोना के डर को परे ढकेल बाजार में खरीदारी की। हालांकि कुछ कारोबार में मंदी देखने को मिली लेकिन कुछ कारोबार बुलंदी पर पहुंच गए। इन कारोबारों ने पिछली बार से आगे बढ़कर कारोबार किया। सोने और चांदी के आभूषण विक्रेता जहां बिक्री न होने से मायूस दिखे। वहीं ऑटो बाजार पर लोगों ने इतना प्यार बरसाया की उनके पास लोगों को देने के लिए वाहन की कमी पड़ गई। इलेक्ट्रानिक्स बाजार का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा। वहीं फूलमालाओं की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली।
वाहन बाजार फुल स्पीड में
आजमगढ़। कोरोना महामारी के दौरान घोषित लाकडाउन के बाद बाजार खुला तो यह पूरी तरह से ठंडा था। दीपावली पर विभिन्न कंपनियों के शोरूम संच ालकों द्वारा कंपनी द्वारा चलाए जा रहे आफर के बीच जमकर वाहनों की बिक्री की गई। रायल इनफील्ड के प्रोपराइटर अमित सिंह ने बताया कि हमारे पास गाड़ियों की वेटिंग चल रही है। कंपनी गाड़ियां ही उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं। हीरो गाड़ियों के प्रोपराइटर भोलानाथ जालान ने बताया कि गाड़ियों की बिक्री अच्छी हुई है। आगे लगन भी है जिसके कारण भी लोगों ने गाड़ियों की खरीदारी की है। आटो बाजार बहुत ही अच्छा गया है।
सराफा कारोबारियों में दिखी मायूसी
आजमगढ़। धनतेरस जनपद में दो दिन मनाई गई। गुरुवार को धनतेरस के पहले दिन जहां लोगों ने सोने चांदी के आभूषण आदि खरीदने में बहुत ही कम रूचि दिखाई। जिससे व्यापारियों में निराशा थी लेकिन शुक्रवार को उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद थी लेकिन धनतेरस के दूसरे दिन भी सोने चांदी के खरीदार नहीं मिले। जिसके कारण सराफा कारोबारियों को निराशा हाथ लगी। सराफा मंडल के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि जनपद में भले ही करोड़ों रुपये के सोने और चांदी बिके हों। लेकिन बाजार मंदा ही रहा। गुरुवार को तो कुछ बिक्री भी हुई लेकिन शुक्रवार को तो बाजार एकदम ठंडा रहा।
ड्राई फ्रूट ने अबकी सोनपापड़ी को पछाड़ा
आजमगढ़। जनपद में इस बार ड्राईफ्रूट की जमकर बिक्री हुई। जबकि हर बार डिब्बाबंद सोनपापड़ी की लोगों द्वारा जमकर खरीदारी होती थी। इसे लोग अपने ईष्ट मित्रों को देकर त्योहार की बधाई देते थे। लेकिन इस बार सोनपापड़ी का बाजार ठंडा रहा। लोगों ने ड्राईफ्रूट को ज्यादा पसंद किया। ड्राई फ्रूट विक्रेता मनीष अग्रवाल ने बताया कि सोनपापड़ी की बिक्री पिछले साल की तुलना में कम रही लेकिन लोगों ने ड्राई फ्रूट को पसंद किया।
खोआ का बढ़ा दाम लेकिन मिठाई की बिक्री हुई कम
आजमगढ़। राधा स्वीट्स के प्रोपराइटर गुंजन गुप्ता ने बताया कि मिठाई का कारोबार बहुत ठंडा है। पिछली बार की तुलना में काफी कम मिठाई की बिक्री हुई है। जबकि इस बार खोआ का दाम पिछले साल की तुलना में ज्याद है। पिछले वर्ष जो खोआ 275-280 रुपये किग्रा की दर से मिल रहा था। इस बार वह 290 से 300 रुपये किग्रा तक बिका है। पहले दुकानदार मिठाई को कई दिन तक बेच लेते हैं। लेकिन अब एक्सपायरी डेट लगने के कारण वह इसे नहीं बेच सकते हैं।
शहर के आसिफगंज क्षेत्र से मिठाई की खरिदारी करते लोग।- फोटो : AZAMGARH
शहर के पुरानी कोतवाली स्थित ज्वेलरी शो रुम से धनतेरस और दीपावली के अवसर पर खरिदारी करते लोग।- फोटो : AZAMGARH
शहर के सिधारी स्थित एक शो रुम से दीपावली के अवसर पर बाईक की खरिदारी करते लोग।- फोटो : AZAMGARH