आजमगढ़। जिला अस्पताल परिसर में लंबे समय से बने अंधेरे की समस्या अब दूर होने जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मुख्य गेट से इमरजेंसी वार्ड तक करीब 100 मीटर क्षेत्र में हाईमास्ट और एलईडी लाइटें लगाने की कार्ययोजना तैयार कर ली है।
योजना के तहत अस्पताल की दीवारों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि रात के समय परिसर पूरी तरह जगमग रहे। अब तक अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार से इमरजेंसी तक प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने से रात में घुप्प अंधेरा रहता था। इससे मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर देर रात इलाज के लिए आने वाले मरीजों को रास्ता खोजने में परेशानी होती थी। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर अवांछनीय तत्व भी अस्पताल परिसर में प्रवेश कर जाते थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, परिसर में सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। लाइटें लगने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी।
साथ ही रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा। प्रशासन का कहना है प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों को रोशन किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।