मिजवां वेलफेयर सोसायटी के डिजाइनर ड्रेस का जलवा मुंबई के होटल ग्रैंड हयात में खूब दिखा। यहां शनिवार को आयोजित फैशन शो में मशहूर फिल्मी हस्तियों महानायक अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, श्वेता नंदा, अनिल कपूर, सोनम कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा आदि ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन व मेजवां में तैयार पोशाकों को पहनकर रैंप पर वाक किया।
मिजवां सोसायटी के प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी नेे बताया कि मिजवां लिगेंसी द्वारा मनीष मल्होत्रा के नाम से आयोजित फैशन शो 2015 में अमिताभ बच्चन, श्वेता बच्चन नंदा, जावेद अख्तर, फरहान अख्तर, अनिल कपूर, सोनम कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा, सोनाक्षी सिन्हा, जया बच्चन और अभिषेक बच्चन ने रैंप पर चल कर जलवा बिखेरा।
इस दौरान मिजवां में निर्मित मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की गई पोशाकों में कई खूबसूरत माडल रैंप पर चहलकदमी कर रही थी। शो में कैफी आजमी गर्ल्स कालेज की छात्रा करिश्मा ने मिजवां में महिला सशक्तिकरण के कार्यों के बारे में बताया। बालीवुड कलाकारों ने सोसायटी को आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।