फूलन सेना की जिला इकाई द्वारा रविवार को कुुंवर सिंह उद्यान में गुह्यराज निषाद जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने नगरपालिका में रखी गई उनकी प्रतिमा पर रोष व्यक्त किया। समारोह को संबोधित करते हुए फूलन सेना के राष्ट्रीय संरक्षक सांसद कौशल किशोर ने कहा कि गुह्यराज निषाद भगवान राम के समकक्ष श्रृंगबेरपुर के राजा थे। निषाद समाज उन्हीं की संतानें हैं।
निषाद समाज के लोग आज घोर अभाव और दुख का जीवन जीने को मजबूर हैं। बोले, उत्तर प्रदेश में जो भी सरकारें बनीं, सभी सरकारों ने निषाद समाज की उपेक्षा की। उन्हें उनके हक, हिस्सेदारी, राजनीति और नौकरियों आदि की भागीदारी से वंचित कर दिया। उन्होंने निषाद समाज के लोगों से लामबंद होकर 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अति दलित, अति पिछड़े वर्ग के मुख्यमंत्री की चाहत में है। यदि भाजपा इस वर्ग के नेता सांसद कौशल किशोर को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर 2017 का चुनाव लड़ती है तो फूलन सेना अपने दम पर भाजपा को मंजिल तक पहुंचा सकेगी।
इस मौके पर कालीचरन निषाद, गंगासागर निषाद, पन्नालाल निषाद, उमेश, अजीत, श्री भगवान, जयनाथ, कमलदेव, सोहन साहनी, बृजलाल साहनी, इंद्रजीत, हरेंद्र, रामजीत साहनी, गांधी निषाद, सीताराम आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के आयोजक अर्जुन निषाद रहे। अध्यक्षता विरेंद्र निषाद और संचालन जामवंत निषाद और नेतृत्व वेदप्रकाश निषाद ने किया।