निजामाबाद नपं में बारिश के बाद सड़क पर जलभराव। संवाद
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हुई तेज मानसूनी बारिश ने नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश शुरू होते ही नगर के छोटे-बड़े नाले उफान पर आ गए। पुराने स्टेट बैंक रोड पर तिग्गीपुर मोहल्ले और ठाकुरद्वारा चौक के पास नाला जाम होने से सड़क पर पानी भर गया।
देखते ही देखते सड़क नहर में तब्दील हो गई। कई घंटे तक जलभराव रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नालों की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। संवाद