आजमगढ़। कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन से परेशान किसानों और गरीबों की शनिवार रात हुई भारी ओलावृष्टि ने कमर तोड़ कर रख दी है। जनपद के निजामाबाद, फरिहा, रानी की सराय, मुहम्मदपुर, तहबरपुर, कप्तानगंज आदि क्षेत्रों में शनिवार रात को भारी ओलावृष्टि हुई। कई क्षेत्रों में तो करीब 20 मिनट तक 50 ग्राम से लेकर 250 ग्राम तक ओले गिरे। इससे तमाम लोगों के आवास की सीमेंट की सीट, मड़ई आदि टूट गई। घर में रखा अनाज आदि भीग गया।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के तेरही, पासीपुर, लहरपार, नेवादा, मंदुरी, कादीपुर हरिकेश आदि गांव में बीती रात्रि को ओला के साथ बारिश ने हजारों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। तेरही गांव निवासी सूर्यदेव पांडेय की राईस मिल पर लगा सीमेंट का हार्वेस्टर, घरहन खुर्द गांव निवासी हरेंद्र यादव सहित दर्जनों लोगों को नुकसान पहुंचा है। तहबरपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में शनिवार की रात गरज और चमक के साथ जगह-जगह बारिश हुई और ओले भी गिरे। ओले गिरने से किसानों की खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और जो मड़ाई का कार्य अभी बाकी था उसको बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। वहीं ओले के कारण सब्जी और आम की फसल को नुकसान हुआ है। रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार की रात क्षेत्र में अचानक तेज बारिश और ओले पड़ने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। पंदहा, हुसामपुर आदि गांवों में लोगों के छतों पर रखी सीमेंट की चादरों में ओले पड़ने से छेद हो गया। मड़ाई के बाद खलिहानों में पड़ा किसानों का भूूसा भीग गया। निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में लगभग आधे घंटे तक बारिश के साथ ओले पड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के आधे किसानों ने गेहूं, चना, अरहर, सरसो की कटाई का कार्य किया था। ओले पड़ने और बारिश होने से गेहूं की मड़ाई और चने आदि की मड़ाई का कार्य बाधित हो गया।
आम की फसलों को भी पहुंचा नुकसान
आजमगढ़। गेहूं की फसलों को मौसम ने पहले ही बर्बाद करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी है। लेकिन शनिवार को ओले पड़ने से आम की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जिन पेड़ों पर लगे आम के दाने बड़े हो गए थे उनको तो कम नुकसान पहुंचा है लेकिन जिन पेड़ों पर आम के दाने अभी छोटे थे उनको काफी नुकसान पहुंचा है। लेकिन इस बारिश के कारण आम की बची फसलों केे फायदा भी पहुंचा है। इससे इनके फलों के गिरने की रफ्तार कम हो जाएगी।
जनपद में लगभग 4500 हेक्टेयर में किसान आम की खेती करते हैं। इस बार फसल काफी अच्छी है। शनिवार को हुई बारिश ने आम की फसल को फायदा पहुंचाया है। लेकिन ओले पड़ने से आम की फसल को पांच से 10 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। बड़ी फल तो कम गिरे हैं लेकिन छोटे फलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
बालकृष्ण वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी।
तहबरप्रु क्षेत्र में बीती रात ओलावृष्टि के दौरान गिरे बड़े-बड़े ओले।- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय में ओलावृष्टि से भींगे बोझ को सुखाते किसान।- फोटो : AZAMGARH