सगड़ी तहसील के देवारा खास राजा गांव के त्रिलोकी का पुरवा, मुराली का पुरवा और भीमली का पुरवा घाघरा के कटान से अस्तित्व हीन हो गए। प्रशासन की ओर से भूमिहीन ग्रामीणों को जमीन का पट्टा दिया गया। लेकिन उस पर दबंगों का कब्जा है। ग्रामीणों ने मंगलवार को नायब तहसीलदार सगड़ी से आवंटित जमीन पर कब्जा पाने के लिए ज्ञापन सौंप गुहार लगाई।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तर घाघरा की कटान से विस्थापित हुए महुला गढ़वाल बांध के उत्तर देवारा खास राजा गांव निवासी 61 किसानों को अभी तक पट्टे की जमीन नहीं मिली। घाघरा की कटान से विस्थापित हुए लोग दूसरे के घरों में रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। 2019-20 में घाघरा की कटान से कुल 61 किसान भूमिहीन हुए, जो विस्थापित होकर अन्य जगहों पर जीवन यापन कर रहे हैं। मंगलवार को सगड़ी तहसील पहुंचकर एसडीएम को अपनी समस्याओं से अवगत कराने के लिए नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि हम पीड़ित परिवार को स्थानीय लेखपाल द्वारा आवास के लिए जमीन आवंटित किया गया। जिसका सीमांकन भी किया गया पर अभी तक कब्जा नहीं दिया गया। इस मौके पर भीम यादव, गब्बर यादव, निवास पटेल, गिरजा सिंह ,राम सकल पटेल, रामानंद यादव, हरिश्चंद्र पटेल, जयराम व मुंशी लाल पटेल आदि उपस्थित थे।