आजमगढ़। सावन मास के तीसरे सोमवार को भगवान भोलेनाथ के पूजन-अर्चन के लिए शिवमंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। भक्तजन आते शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने और जयकारा लगाते आगे बढ़ जाते। यह नजारा जिले के सभी छोटे बड़े मंदिरों में दिखाई पड़ा। भंवरनाथ स्थित शिवमंदिर में पूरे दिन पूजा पाठ का दौर चला। शिवमंदिरों में जलाभिषेक के दौरान घंटा-घड़ियाल की आवाज के साथ ही भक्तों द्वारा लगाए जा रहे हर-हर महादेव के जयकारे से क्षेत्र गूंजता रहा।
सावन मास के तीसरे सोमवार को महिलाओं ने व्रत रखा और भोर में ही शिवालयों में पूजन-अर्चन के लिए निकल पड़ी थी। नगर स्थित भंवरनाथ मंदिर पर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। नगर के एलवल त्रिमुहानी, मातबरगंज शंकर तिराहा, बौरहवा बाबा, नरौली, पंचदेव मंदिर, पुरानी कोतवाली, कटरा आदि स्थानों पर शिवमंदिरों में सुबह से ही शिव जी के दर्शन को तांता लगा रहा है।
अंबारी संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवालय प्राचीन प्रकट शिवलिंग झारखंड महादेव मकसूदिया में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
जहानागंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के अनेई ग्राम सभा अंतर्गत पातालपुरी धाम स्थित शिवलिंग श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। वैसे तो यहां पूरे वर्ष भक्तों की भीड़ लगी रहती है। लेकिन सावन के महीने में भारी भीड़ उमड़ती है। सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्तों ने बेल पत्र, कमल का फूल आदि चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
फूलपुर संवाददाता के अनुसार रोडवेज पर जय मां बर्फानी सेवा समिति द्वारा कांवरियों के स्वागत के लिए बनाए गए भव्य पंडाल में शाम से लेकर देर रात तक कांवरियों के आने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा नगर गूंज उठा। पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम से जल लेकर छित्तेपुर, सिकरौर, सरायमीर, नोनारी, जमालपुर आदि स्थानों से आए कांवरियों ने शंकर तिराहा और मुंडेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। शंकर तिराहा पर नवयुवक क्रांति दल द्वारा विशेष संगीतमयी आरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर मनोज मोदनवाल, अभय जायसवाल, नितिन बरनवाल, संतोष, सुनिल प्रजापति, रमेश मौर्य, सुरेश सोनकर आदि उपस्थित रहे।