बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं मंगलवार यानी 17 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षा 21 नवंबर तक चलेगी। जनपद के समस्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।
प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित है। विभाग की ओर से सभी विद्यालयों में प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए हैं। परीक्षा को पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से आयोजित कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कक्षा एक की परीक्षा केवल मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में 50 प्रतिशत लिखित और 50 प्रतिशत मौखिक परीक्षा का भार रहेगा। कक्षा चार और पांच में 70 प्रतिशत लिखित और 30 प्रतिशत मौखिक परीक्षा होगी।
वहीं कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की 50 अंकों की लिखित परीक्षा होगी। इसमें 10 अंकों के बहुविकल्पीय, 10 अंकों के अति लघु उत्तरीय, 20 अंकों के लघु उत्तरीय और 10 अंकों के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि 17 नवंबर को कक्षा दो में गणित, कक्षा तीन में गणित, संस्कृत/उर्दू और हिंदी, कक्षा चार व पांच में हिंदी, संस्कृत/उर्दू और सामाजिक विषय की परीक्षा होगी। कक्षा छह में हिंदी, संस्कृत/उर्दू और सामाजिक विषय तथा कक्षा सात व आठ में विज्ञान, संस्कृत/उर्दू और सामाजिक विषय की परीक्षा कराई जाएगी।
18 नवंबर को कक्षा दो में अंग्रेजी और हिंदी, कक्षा तीन में अंग्रेजी, सामाजिक विषय और कला-संगीत, कक्षा चार व पांच में अंग्रेजी, गणित और कला-संगीत की परीक्षा होगी। कक्षा छह से आठ तक अंग्रेजी, गणित, कला-संगीत और हिंदी/विज्ञान की परीक्षा होगी।
19 नवंबर को कक्षा तीन से पांच तक कार्यानुभव/शारीरिक शिक्षा और कक्षा छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन व बेसिक क्राफ्ट/कला/कृषि/गृह शिल्प की परीक्षा होगी। 20 नवंबर को कक्षा छह से आठ तक खेल एवं शारीरिक शिक्षा/स्काउटिंग की परीक्षा कराई जाएगी।
21 नवंबर को कक्षा एक की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। इसी दिन कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा भी संपन्न कराई जाएगी। बीएसए ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यालयों को निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।