आजमगढ़। जिले के हज यात्रियों के लिए टीकाकरण, चिकित्सा परीक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 20 से 22 अप्रैल तक विभिन्न केंद्रों पर किया जाएगा। यह जानकारी पूर्व ट्रेनर हाजी सलीम अहमद, जिला ट्रेनर मुहम्मद अफजल और हाजी मुहम्मद रजा ने दी।
उन्होंने बताया कि तीन दिन तक आयोजित होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर 20 अप्रैल को शहर स्थित जामा मस्जिद में, 21 अप्रैल को जामिया शरिया फैज उलूम, शेरवां सरायमीर और 22 अप्रैल जामिया अशरफिया मुबारकपुर में सुबह आठ बजे से आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र में हज यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी, हज के मसाएल और तरीके बताए जाएंगे। इसके बाद सरकारी डॉक्टरों द्वारा टीकाकरण और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा।
हाजी सलीम अहमद उर्फ पप्पू ने बताया कि इस अवसर पर हज यात्रियों को कुछ उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने सभी तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुविधानुसार किसी एक केंद्र पर पहुंचकर प्रशिक्षण, टीकाकरण और चिकित्सा परीक्षण अवश्य करा लें। ऐसा न करने पर हज यात्रा में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
आवश्यक दस्तावेज
- हज फॉर्म की प्रति
- कवर नंबर
- मेडिकल फॉर्म
- टीकाकरण के लिए 2 रंगीन फोटोग्राफ