आजमगढ़। परिषदीय विद्यालय एक जुलाई से खुल जाएंगे और शिक्षकों की विद्यालयों पर उपस्थिति अनिवार्य होगी। बच्चों की कक्षाएं कब से संचालित होंगी इसकी तिथि अभी नहीं तय हो सकी है।
बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को जारी अपने आदेश में बताया कि सभी शिक्षक व प्रधानाध्यापक एक जुलाई से विद्यालय पर उपस्थित रहेंगे और एमडीएम के कन्वर्जन कास्ट की धनराशि बच्चों को दिलाने के लिए डेटा फीडिंग के लिए बच्चों का खाता संख्या जुटाने का काम करेंगे। इसके साथ ही मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के सेवा विवरण को अपलोड करा कर उसका सत्यापन कराने और त्रुटियों को दूर कराने का काम भी ये करेंगे। इसके साथ ही मानव संसाधन मंत्रालय के यू-डायस डाटा के लिए परिषदीय स्कूलों में छात्र नामांकन, अवस्थापना सुविधाओं और शिक्षकों से संबंधित आंकड़े एकत्र कर उन्हें डाटा कैप्चर फार्मेट में अपलोड कराने की भी जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रभारी बीएसए डॉ. अमरनाथ राय ने बताया कि जिले में यह पहले से ही चल रहा है। शासन के निर्देशों के अनुरूप एक जुलाई से सभी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुलेंगे। बच्चे अभी नहीं आएंगे।