आजमगढ़। माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी से प्रभावित शिक्षण कार्य में अब जल्द सुधार होने की उम्मीद जगी है। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में आयोग ने 29 शिक्षकों की तैनाती की है। चयनित शिक्षकों में लगभग सभी ने डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर ज्वॉइनिंग कर ली है। शिक्षकों के ज्वॉइन करने के बाद डीआईओएस ने स्कूलों में कार्यभार ग्रहण कर शिक्षण कार्य बेहतर बनाने का निर्देश दिया है।
जिले में संचालित 23 राजकीय स्कूलों में सहायक अध्यापकों की कमी के शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहे थे। इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शासन सेे शिक्षकों की तैनाती का अनुरोध किया था। विभाग की मांग पर शासन ने मानदेय पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सहयोग लेने को मंजूरी दी तो विभाग ने कुछ सेवानिवृत्त को तैनाती दे दी। इसी बीच आयोग से जिले के 12 राजकीय विद्यालयों में 29 शिक्षकों को तैनाती दे दी गई। यह शिक्षक संस्कृत, उर्दू, गृहविज्ञान, गणित, अंग्रेजी व संगीत पढ़ाएंगे। इसमें 20 महिला व नौ पुरुष शिक्षक हैं।