आजमगढ़ जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में कुछ दिनों पहले सफाई कर्मचारियों को सूखी पूड़ी देने का मामला एक बार फिर गरम है। अब एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मेडिकल कालेज के प्राचार्य पर धमकाने का आरोप लगा है। इस संबंध में कर्मचारियों ने बुधवार को जहानागंज थाने में प्राचार्य के खिलाफ तहरीर भी दी है। एसओ जहानागंज का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहला वीडियो 25 अप्रैल को मेडिकल कालेज के क्वारंटीन सेंटर का वायरल हुआ था। अब एक नया वीडियो वायरल हुआ है। इसमें प्राचार्य क्वारंटीन कर्मचारियों से सूखी रोटी प्रकरण में अस्पताल प्रशासन के पक्ष में बयान लिखाने और पहले वाले वायरल वीडियो को बनवाने के मामले में एक-दो कर्मचारियों का नाम प्रकाश में लाने को कह रहे हैं।
वहीं, वीडियो को प्राचार्य ने ‘फेक’ बताते हुए कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। हमने कर्मचारियों पर कोई दबाव नहीं बनाया, उन्होंने स्वयं ही अपना बयान दिया है। इसके आधार पर मैंने कुछ कर्मियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। इसके बाद भी यह नया वीडियो वायरल किया गया है।