निजामाबाद क्षेत्र की प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी के बाद अब यहां की मिट्टी से बने दीये भी अपनी पहचान बनाने लगे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और विश्वकर्मा दिवस पर जिले के सरकारी संस्थान निजामाबाद के मिट्टी के दीयों से रोशन होंगे।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में दो लाख से अधिक दीये जलाने की तैयारी की गई है। निजामाबाद के कॉमन फैसिलिटी सेंटर से जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों के लिए दीयों की आपूर्ति की गई है।
सेंटर के निदेशक संजय यादव ने बताया कि अब तक करीब दो लाख दीयों की खरीदारी की जा चुकी है। नगर पालिका मुबारकपुर को पांच हजार, भाजपा कार्यालय को 25 हजार, पर्यटन विभाग को 15 हजार, ठेकमा ब्लॉक को 15 हजार, मिर्जापुर ब्लॉक को 15 हजार, मोहम्मदपुर ब्लॉक को आठ हजार, नगर पंचायत लालगंज को पांच हजार और रानी की सराय ब्लॉक को पांच हजार दीये भेजे गए हैं।
इसके अलावा अन्य सरकारी संस्थानों को भी निजामाबाद में तैयार दीयों की आपूर्ति की गई है। दीयों की खरीदारी के लिए निजामाबाद के कुम्हारों और स्थानीय कारीगरों के केंद्र पर लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
विश्वकर्मा दिवस पर इन दीयों से सरकारी संस्थानों को रोशन किए जाने से जहां निजामाबाद की पारंपरिक कला को नया बाजार मिलेगा, वहीं स्थानीय कारीगरों को भी रोजगार और कारोबार का सहारा मिलने की उम्मीद है।