सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली के पास मंगलवार की रात तमसा नदी में एक दिन पूर्व कोचिंग पढ़ने निकली गायब हुई छात्रा का शव उतराया हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिधारी थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी अधिवक्ता की 17 वर्षीय बेटी बीए की छात्रा थी। सोमवार को वह घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली, लेकिन घर वापस नहीं आई। लौटने में देरी हुई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद वह नहीं मिली तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार की रात भदुली के पास तमसा नदी में छात्रा का उतराया हुआ शव मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।