लाटघाट। रौनापार के नई बस्ती गांव से फूफा के साथ अपने घर गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के रतनपूरा जा रही 10 वर्षीया बच्ची बृहस्पतिवार को नाव से गिर कर घाघरा नदी की जलधारा में डूब गई थी। 24 घंटे बाद भी बच्ची बरामद नहीं की जा सकी है। वहीं दो जिलों का बार्डर होने के चलते बच्ची की तलाश करने में प्रशासनिक अमला भी लापरवाही बरत रहा है।
गोरखपुर के गोला थाना अंतर्गत रतनपूरा गांव निवासी 10 वर्षीया अंशिका अपने फूफा अंबिका निवासी नई बस्ती रौनापार के यहां रहती थी। बृहस्पतिवार को वह अपने फूफा के साथ घर रतनपूरा जाने के लिए नाव से घाघरा नदी पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह नदी के मध्य जलधारा में गिर कर डूब गई। नाव से गिर कर बच्ची के जलधारा में डूब जाने से हड़कंप मच गया। सूचना पर रौनापार थाना मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू हुई लेकिन शाम तक पता नहीं चलने पर पुलिस बैरंग वापस लौट आई। घाघरा नदी आजमगढ़ व गोरखपुर जिले का बार्डर है, जहां घटना हुई थी वह गोरखपुर जिले में आता है। दो जिलों की सीमा के चलते बच्ची की तलाशी में प्रशासनिक अमला भी लापरवाही बरत रहा है। इससे परिजनों में आक्रोश भी व्याप्त है। एसओ रौनापार नवल किशोर सिंह का कहना है कि घटनास्थल गोला क्षेत्र में है, सारी लिखा-पढ़ी वहीं हुई है। सारी कार्रवाई भी वहीं से की जा रही है।