सूर्योपासना का पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए घाटों पर सफाई, प्रकाश की व्यवस्था की गई है। नहाते समय कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए गोताखोरों को तैनात करने का निर्देश शहर कोतवाल को दिया गया है। अर्घ्य के समय घाटों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर शनिवार को जिलाधिकारी सुहास एलवाई और पुलिस अधीक्षक कुंतल किशोर ने घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शहर के कदम घाट, गौरीशंकर घाट, ओला घाट, एलवल घाट, सिधारी घाट, मोहटी घाट, पुराना पुल घाट का जायजा लिया। उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को साफ-सफाई, प्रकाश की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
कोतवाल से कहा कि जिस घाट पर नाव और गोताखोर की जरूरत हो, वहां यह व्यवस्था कराएं। कहीं भी कोई घटना न घटे, इसके लिए सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने आयोजन समिति को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने स्वयं सेवकों की तैनाती करते हुए उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराएं ताकि उनकी पहचान हो सके।
उन्होंने कहा कि त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सेक्टरवार मजिस्ट्रेट की डयूटी एवं पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि छठ पूजा को ठीक ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंतल किशोर ने कहा कि सभी घाटों पर जहां छठ पूजा होगी, पुलिस की पर्याप्त मात्रा में ड्यूटी लगाई गई है। मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीपी सिंह, शिशिर त्रिवेदी, अभिषेक जायसवाल दीनू मौजूद रहे।