फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: घाघरा का जलस्तर 71.72 मीटर पहुंचा, चार गांवों का संपर्क मार्ग डूबा

विज्ञापन
27 घाघरा के बाढ़ में संपर्क मार्ग डूबा। संवाद
विज्ञापन
लाटघाट। बनबसा और शारदा बैराज से छोड़े गए पानी का असर अब क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके कारण बदरहुआ और डिघिया नालों पर जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। बदरहुआ नाले पर जलस्तर खतरे के निशान 71.68 मीटर से 04 सेंटीमीटर ऊपर 71.72 मीटर और डिघिया नाले पर खतरे के निशान 70.40 मीटर से 64 सेंटीमीटर ऊपर 71.04 मीटर दर्ज किया गया। दो बैराजों से अत्यधिक पानी छोड़े जाने से जल स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण बांका, बुढ़नपट्टी, मानिकपुर और अभनपट्टी शाहडीह के संपर्क मार्ग पर पूरा पानी भर गया है।
विज्ञापन

ग्रामीणों को अब चार- पांच किलोमीटर का चक्कर लगाकर बंधे तक पहुंचना पड़ रहा है। इन गांवों के लिए अब नाव ही एकमात्र सहारा है, लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से नावों की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बढ़ते जलस्तर और टूटे संपर्क मार्गों ने स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ा दी है। बिना नाव की व्यवस्था के ग्रामीणों का आवागमन और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।
विज्ञापन

बदरहुआ नाले पर बुधवार शाम चार बजे जलस्तर 71.59 मीटर था, जो बृहस्पतिवार को 13 सेंटीमीटर बढ़कर 71.72 मीटर हो गया। इसी तरह, डिघिया नाले पर जलस्तर 70.92 मीटर से 12 सेंटीमीटर बढ़कर 71.04 मीटर हो गया। बदरहुआ नाले का न्यूनतम जलस्तर 70.25 मीटर, खतरा बिंदु 71.68 मीटर और अधिकतम 73.52 मीटर है, जबकि डिघिया नाले का न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर, खतरा बिंदु 70.40 मीटर और अधिकतम 72.59 मीटर है। तहसीलदार सगड़ी शिव प्रकाश ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, सहायक अभियंता बाढ़ खंड शिवकुमार ने बताया कि एमजी बांध पर बाढ़ से निपटने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मिट्टी का स्टॉक, बोरियां और रेगुलेटर की भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है। कर्मचारी नियमित रूप से चक्रमण कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें