आजमगढ़। अब उपभोक्ता घर बैठे अपना बिजली बिल बना सकेंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने उपभोक्ताओं के लिए यूपीपीसीएल उपभोक्ता मोबाइल एप की शुरुआत की है। इस एप में उपभोक्ताओं को अन्य सुविधाएं भी दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।
जनपद के छह वितरण खंडों में विभिन्न भार के 6.90 लाख उपभोक्ता है। उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराने के लिए 425 मीटर रीडर एक निजी कंपनी द्वारा रखे गए हैं। इसके बाद भी विभाग को आए दिन बिलों में शिकायतें मिल रही है। अधिकतर रीडर उपभोक्ताओं के घर जाकर मीटर रीडिंग नहीं करते हैं बल्कि, अनुमानित रीडिंग दर्ज कर बिल भेज देते हैं। इससे उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग की समस्या का सामना करना पड़ता था और उन्हें बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। इसको देखते हुए विभाग ने नई व्यवस्था की शुरुआत की है। उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन में यूपीपीसीएल उपभोक्ता मोबाइल एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद वे अपनी मीटर रीडिंग स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिसके आधार पर बिजली बिल स्वतः जनरेट हो जाएगा। उपभोक्ता एप के माध्यम से तुरंत बिल का भुगतान भी कर सकते हैं और भुगतान की रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं। इस एप में उपभोक्ताओं को कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यदि किसी उपभोक्ता को लोड बढ़वाने की आवश्यकता है तो वह भी ऑनलाइन अनुरोध कर सकता है। वहीं, अधिक बिल आने, मीटर खराब होने या ट्रांसफार्मर जलने जैसी समस्याओं के लिए भी एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल मोबाइल एप से कई तरह की सुविधाएं दी गई हैं। उपभोक्ता खुद बिल बना सकेंगे। साथ ही लोड बढ़ाने या घटाने के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगा क्योंकि शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।-धनश्याम, अधीक्षण अभियंता