बरदह थाना क्षेत्र के बड़गहन गांव निवासी एक व्यक्ति के रिहायशी मंडई में बुधवार की देर रात बिजली के शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। अगलगी की इस घटना के दौरान गैस सिलिंडर आग की चपेट में आकर ब्लास्ट कर गया। गनीमत रहीं कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन पूरी मंडई के साथ ही गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
बड़गहन गांव निवासी गुलाम मोहम्मद रिहायशी मंडई में परिवार के साथ रहता है। बुधवार की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया। रात लगभग 11 बजे शार्ट सर्किट के चलते मंडई में आग लग गई। शोर मचने पर पूरा परिवार भाग कर मंडई से बाहर आ गया। कुछ लोग सामान आदि बचाने व आग बुझाने की कवायद में भी जुट गए। इस बीच रसोई घर में रखा सिलिंडर आग की चपेट में आ गया। आग के बीच सिलिंडर को देखते ही मौके पर मौजूद लोग आग बुझाने व सामान निकालने की कवायद छोड़कर दूर भाग खड़े हुए। इसी बीच सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। तेज धमाके से पूरा गांव हिल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने ही मिल कर आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना से ठंड के इस मौसम में पूरा परिवार ही खुले आसमान के नीचे आ गया है।