बरदह थाना क्षेत्र के बड़गहन गांव की चट्टी पर बीते नौ दिसंबर को कार की चपेट में आकर सब्जी लेने गया युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए वाराणसी में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई।
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना के तरसन गांव निवासी प्रियांशु 20 बरदह थाना के बड़गहन गांव स्थित अपनी ननिहाल में रहता था। बीते नौ दिसंबर को वह सब्जी लेने के लिए गांव के ही मनीष के साथ गांव की चट्टी पर गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी स्थित अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए। इलाज के दौरान बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले आए और सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतक दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था।