तेल कंपनियों की ओर से घरेलू गैस सिलिंडर के करीब 2.5 लाख उपभोक्ताओं को एक बड़ा झटका दिया गया है। अगर 15 अगस्त तक उपभोक्ताओं ने अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई तो घरेलू गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा और फिर व्यावसायिक कनेक्शन के लिए दोगुने दाम चुकाने होंगे।
इसके लिए उपभोक्ताओं को कंपनियों की ओर से मैसेज और कॉल के जरिए सूचित किया जा रहा है। जिले में कुल 83 गैस एजेंसियों पर गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं की संख्या करीब 10 लाख पांच हजार है।
इसमें से चार अगस्त तक करीब 7.5 लाख उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, करीब 2.5 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को अभी भी ई-केवाईसी करानी है।
इंडेन गैस एजेंसी के संचालक रणंजय सिंह ने बताया कि 15 अगस्त तक अगर उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं तो उनका कनेक्शन बंद हो जाएगा। उपभोक्ताओं को घरेलू गैस के दोगुने दाम चुकाने पड़ेंगे। यह निर्देश तेल कंपनियों की ओर से दिए गए हैं।
वर्तमान में घरेलू गैस सिलिंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत 1023 रुपये है। 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं होने पर इसी गैस के लिए दोगुने रुपये देने पड़ जाएंगे।
तेल कंपनियों की ओर से अपने उपभोक्ताओं को एसएमएस, कॉल आदि के जरिए सूचना दी जा रही है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें। फिलहाल गैस एजेंसियों पर उपभोक्ता पहुंच रहे हैं और ई-केवाईसी करा रहे हैं।
तेल कंपनियों की ओर से जारी आदेश से शहर, प्रदेश या जिले से बाहर रहने वाले उपभोक्ता अधिक परेशान हैं। बहुत से गैस उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके नाम पर कनेक्शन है और वे जिले में नहीं रहते। वे रोजगार के लिए बाहर रहते हैं, जबकि उनका पूरा परिवार जिले में रहता है।
ऐसे लोगों के परिजन समझ नहीं पा रहे हैं कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कैसे की जाए। एजेंसी की ओर से बताया जा रहा है कि ऐसे लोग, जो बाहर हैं, वे अपने मोबाइल से ऐप के जरिए यह प्रक्रिया आसानी से कर सकते हैं। उन्हें एजेंसी आने की जरूरत नहीं है।
इस तरह करा सकते हैं ई-केवाईसी
जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करा रखी है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है। ग्राहक मोबाइल के जरिए भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल वन ऐप डाउनलोड करना होगा। कनेक्शन के समय पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद ई-केवाईसी अपडेट पर जाना होगा। जिसके नाम से गैस कनेक्शन है, उसके चेहरे को कैमरे के सामने लाना होगा। ई-केवाईसी होने का मैसेज आ जाएगा। इसके अलावा अपनी गैस एजेंसी जाकर भी पांच मिनट में यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। ई-केवाईसी प्रक्रिया का मैसेज आते ही उपभोक्ता बिना किसी देरी के गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं और प्रक्रिया पूरी करा रहे हैं, जिससे उन्हें गैस के दोगुने दाम न चुकाने पड़ें।
-
ई-केवाईसी नहीं कराई तो महंगा पड़ेगा गैस सिलिंडर, एजेंसियों पर बढ़ी भीड़
आजमगढ़। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी हो गया है। तेल कंपनियों ने 15 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी कराने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर घरेलू गैस कनेक्शन के व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित होने पर उपभोक्ताओं को अधिक कीमत पर सिलिंडर मिलेगा।
बुधवार की सुबह अतरौलिया स्थित ग्रामीण महिला भारत गैस एजेंसी पर गोदाम बंद मिला, जबकि कार्यालय में ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ रही। गैस लेने पहुंचे लोगों को भी खाली हाथ लौटना पड़ा। एजेंसी प्रबंधक रामकेश यादव ने बताया कि एजेंसी के करीब 13 हजार उपभोक्ताओं में 1,350 की ई-केवाईसी अभी शेष है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन होने से गैस की गाड़ी नहीं पहुंच सकी और बुधवार शाम तक आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। पूर्ति निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि अतरौलिया क्षेत्र में कीर्तिमान इंडियन गैस के 17 हजार, ग्रामीण महिला भारत गैस के 13 हजार और रामदल इंडियन गैस के पांच हजार उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि शेष उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की जा रही है। संवाद
घर-घर जाकर ई-केवाईसी कराने का दावा
पवई। सुम्हाडीह इंडेन सर्विस क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एजेंसी के अनुसार, कुल 11,708 उपभोक्ताओं में से अब तक 8,858 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,850 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी शेष है। एजेंसी की ओर से बचे हुए उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर ई-केवाईसी कराने का कार्य किया जा रहा है, ताकि सभी उपभोक्ता निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर सकें। संवाद
-
सर्वर ने दिया धोखा, निराश लौटे लोग
अहरौला। क्षेत्र स्थित इंडेन गैस एजेंसी लेदौरा में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग नए नियम और शर्तें जारी होने के बाद ई-केवाईसी कराने के लिए पहुंचे। हालांकि, सर्वर लगातार खराब होने के चलते लोगों की ई-केवाईसी सबमिट नहीं हो पा रही थी, जिससे लोग परेशान होकर निराश लौट गए। संचालक विनोद यादव ने बताया कि कुल 13 हजार उपभोक्ता एजेंसी से जुड़े हैं, जिनमें 9.5 हजार की ई-केवाईसी हो चुकी है। सर्वर खराब होने से ई-केवाईसी करने में समय लग रहा है। संवाद
प्रतिक्रिया-
ई-केवाईसी कराने का मैसेज आया था, इसलिए एजेंसी पर आ गया। प्रक्रिया पूरी कराने में एक से दो मिनट लग रहे हैं। एजेंसियों की ओर से रोजाना ई-केवाईसी कराने के लिए फोन करके बुलाया जा रहा है। - राहुल गौड़, उपभोक्ता।
जिनके नाम से कनेक्शन है और वे बाहर हैं, ऐसे लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, ऐसे लोगों के लिए भी मोबाइल ऐप पर ई-केवाईसी कराने का विकल्प दिया गया है। - डॉ. शंकर राम, उपभोक्ता।
सभी गैस सिलिंडर उपभोक्ता 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें। किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अगर समय से ई-केवाईसी नहीं कराई गई तो कनेक्शन बंद भी हो सकते हैं। - रामेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, आजमगढ़।