मार्टीनगंज। गैंगेस्टर के अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की कवायद में पुलिस व प्रशासनिक अमला जुट गया है। फरार चल रहे अशोक राजभर उर्फ पन्नू गैंग के सक्रिय अपराधी विमल कुमार राजभर पर बृहस्पतिवार को कार्रवाई की शुरूआत हो गई। कार्रवाई के क्रम में जहां उसका खाता सीज किया गया तो वहीं उसकी अन्य संपत्तियों की जानकारी में महकमा जुट गया है।
गैंगेस्टर का अभियुक्त विमल कुमार राजभर पुत्र श्रीराम राजभर निवासी बनगांव थाना दीदारगंज की तलाश पुलिस को काफी दिनों से है। उस पर दर्जन भर मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है। सर्वाधिक नौ मुकदमे दीदारगंज थाना क्षेत्र में ही है। वहीं एक मुकदमा बरदह व एक सरायमीर थाने में भी दर्ज है। वह अपने भाई अशोक राजभर उर्फ पन्नू के गैंग का सक्रिय सदस्य है और लूट, हत्या, डकैती जैसे संगीन मामलों में नामजद है। डीएम के निर्देश पर विमल के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की बृहस्पतिवार को शुरूआत हुई। इसके तहत उसके आर्थिक स्रोत को नष्ट करने की कवायद शुरू की गई। इसके तहत यूबीआई मार्टीनगंज ब्रांच में उसके बैंक एकाउंट को बृहस्पतिवार को सीज कर दिया गया। नायब तहसीलदार गणेश कुमार ने बताया कि विमल के अन्य संपत्तियों की भी जानकारी की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।