शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रांसफॉर्मरों को डैमेज होने से बचाने के लिए बिजली निगम ने कवायद शुरू कर दी है। शहरी क्षेत्र में 100 केवीए और इससे अधिक क्षमता वाले 500 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूज वायर लगाया जाएगा।
इसके अलावा टाउन-2 फीडर को सिधारी उपकेंद्र से हटाकर पुराना पावर हाउस, रैदोपुर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 11 केवी लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है। इससे फीडर से जुड़े एक हजार से अधिक उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
एसडीओ शहर संदीप चंद्रा ने बताया कि सिधारी, बेलइसा, भंवरनाथ, जुनेदगंज, चौक और पहाड़पुर आदि क्षेत्रों में 100 केवीए या इससे अधिक क्षमता के 500 से अधिक ट्रांसफार्मर लगे हैं। इन ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूज वायर लगाए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
फ्यूज वायर लगने से ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट होने पर फ्यूज पहले ही कट जाएगा। इससे फाल्ट होने पर ट्रांसफार्मर के डैमेज होने की संभावना कम होगी। उन्होंने बताया कि टाउन-2 फीडर से ऑफिसर्स कॉलोनी, कालीचौरा आदि जगहों पर बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसको पुराना पावर हाउस, रैदोपुर से जोड़ने का काम भी अंतिम चरण में है। वर्तमान में यह फीडर सिधारी उपकेंद्र से जुड़ा है।
वर्जनशहर में 500 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूज वायर लगाया जाएगा। इससे ट्रांसफॉर्मरों के खराब होने में कमी आएगी। 11 केवी लाइन का काम पूरा हो चुका है। टाउन-2 फीडर को अब रैदोपुर से जोड़ा जाएगा। -संदीप चंद्रा, एसडीओ शहर।