आजमगढ़। बिहार सरकार के भाजपा विधायक द्वारा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा लगाने से नाराज अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में विश्वकर्मा समाज के लोगों ने बताया कि 17 सितंबर को जब पूरे देश में भगवान विश्वकर्मा का पूजन उत्सव मनाया जा रहा था, उसी बीच बिहार सरकार के भाजपा विधायक हरीभूषण ठाकुर ने भगवान विश्वकर्मा के चेहरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा लगाकर पूरे विश्वकर्मा समाज को अपमानित करने का घृणित कार्य किया गया। जिसके कारण संपूर्ण विश्वकर्मा समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के आराध्य भगवान विश्वकर्मा की तुलना किसी मानव से नहीं किया जा सकता है। ऐसा अपमान विश्वकर्मा समाज कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा ने प्रधानमंत्री और बिहार सरकार से भाजपा विधायक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान आलोक विश्वकर्मा, अरविंद कुमार विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, योगश कुमार विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, मुकेश विश्वकर्मा, मनीष शर्मा, मानू विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।