जहानागंज थाना क्षेत्र में पकड़ी गई चोरी की बाइकें।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जहानागंज, बरदह थाने की पुलिस ने मंगलवार की शाम चेकिंग के दौरान चोरी की 10 बाइक के साथ तीन चोरों को गिरफ्तार किया। जबकि टीएसआई ने बुधवार को गिरजाघर चौराहे पर चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक चोर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से दो तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान चोरों ने बताया कि सभी बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं। इनमें एक 25 हजार रुपये का ईनामी भी शामिल है।
एसपी सिटी कमलेश बहादुर के मुताबिक गिरफ्तार चोरों में दीपक यादव पुत्र शेखराज और राहुल यादव पुत्र प्रकाश है। यह दोनों बरदह थाने के सिसरेड़ी गांव के निवासी है। एसओ बरदह राजेश उपाध्याय के मंगलवार की शाम मुखबिर के जरिये सूचना मिली तो वे परसौली गांव के पास वाहन चेक करने लगे। इस दौरान एक बाइक पर सवार यह दोनों आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वो फायर कर भागने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक तमंचा और दो कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। इनके पास से मिली बाइक चोरी की थी। पूछताछ के दौरान इनकी निशानदेही पर चोरी की छह और बाइक बरामद हुई जिसे बेचने के लिए छिपाकर रखे गया था। गिरफ्तार राहुल पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। इसी क्रम में एसओ जहानागंज मनोज सिंह कस्बे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान जहानागंज थाने के मित्तूपुर खदबिहा गांव निवासी अंगद पुत्र रामविनय उर्फ बबलू उधर से गुजरा। शक के आधार पर पुलिस अंगद के पास मौजूद बाइक का कागज मांगा तो वह नहीं दिखा सका। कड़ाई से पूछने पर बताया कि बाइक चोरी की है। पुलिस ने अंगद की निशानदेही पर दो अन्य बाइक बरामद की। वहीं टीएसआई कौशल कुमार पाठक ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक युवक की बाइक का कागजात मांगा। उसने कागजात दिखाए तो एप के जरिये उसकी चेक किया गया तो गाड़ी चोरी की निकली। पुलिस ने बाइक समेत युवक को हिरासत में ले लिया। उसके जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम और पते की जानकारी इकट्ठा करते हुए उनकी तलाश में जुट गई है।