बरदह। थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात एक आवासीय मंडई में लगी आग से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से चार बकरियां और दो गाय जिंदा जलकर मर गईं, जबकि छह बकरियां और चार गायें गंभीर रूप से झुलस गईं।
ग्रामीणों के मुताबिक, मीना देवी के घर से सटी मंडई में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। पीड़िता मीना देवी ने बताया कि आग में भूसा, गेहूं, चावल और घर का सारा अनाज भी जल गया। पीड़िता ने आर्थिक मदद की मांग की है।