बिंद्रा बाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार कस्बा स्थित जाकिया प्लाजा कांप्लेक्स की दुकानें मंगलवार को चौथे दिन भी पूरी तरह से बंद रही। दुकानदार पुलिस महकमें पर निष्क्रियता का आरोप लगा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस ने प्लाजा में लगे सीसी टीवी के डीवीआर उठा ले गए है। लेकिन उसे देखने के लिए दुकानदारों को न बुला रही है न ही उसकी कापी ही उपलब्ध करा रही है। कांप्लेक्स के सामने दुकानदारों ने धरना देकर विरोध जताया।
जाकिया प्लाजा में कुल 32 दुकानें हैं। जिसमें 28 दुकानों का ताला शनिवार को चोरों ने चटका दिया था। साप्ताहिक लॉक डाउन के चलते सभी दुकानें बंद थी। शाम में एक दुकानदार किसी काम से प्लाजा पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। एक साथ 28 दुकानों का ताला चटका कर चोरी की घटना की जानकारी होते ही पूरे बिंद्रा बाजार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के साथ ही प्लाजा मे लगे सीसी टीवी कैमरे का डीबीआर लेकर वापस चले गए। उसके बाद से पुलिस की जांच पड़ताल शिथिल पड़ी हुई है। चार दिन बाद भी चोरी की घटना को लेकर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका है। जिससे दुकानदार आक्रोशित है और चौथे दिन भी अपनी दुकानों को न खोल कर विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस पूरी तरह से निष्क्रिय बनी हुई है। डीबीआर लेकर चली गई है लेकिन उसे दिखाने के लिए आज तक व्यापारियों को नहीं बुलाया। वहीं व्यापारियों को उसकी कापी भी नहीं उपलब्ध कराई जा रही है ताकि दुकानदार भी देख कर अपने स्तर से कुछ पता लगा सके। दुकानदार आक्रोशित है और घटना का जल्द खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे है। दुकानदारों ने कांप्लेक्स के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए धरना देकर घटना को लेकर अपना विरोध भी दर्ज कराया। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसी टीवी फुटेज की जांच कर चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।