आजमगढ़। एसपी रेलवे गोरखपुर व पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल बलिया के निर्देशन में थाना जीआरपी आजमगढ़ व रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15083 में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। टीम ने इस घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार राय ने बताया कि घटना 29 सितंबर को मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जिसमें सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यात्रियों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस टीम ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पूर्वी छोर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो अपराध की घटना को करने के सामान बरामद हुए। टीम ने इस दौरान सन्नी वर्मा निवासी परसपुर बुढ़ावन, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर, विनीत वर्मा निवासी सुरहरपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद मऊ, पुनीत वर्मा निवासी सुरहरपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद मऊ और आशीष राजभर निवासी सुरहरपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद मऊ को गिरफ्तार किया है।