क्षेत्र के लुचुई खांड़गांव स्थित अकटहवा कुटी पर मंगलवार को श्रीविष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भक्तों के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
अकटहवा कुटी पर मंगलवार को श्रीविष्णु महायज्ञ के तहत कलश यात्रा निकालने की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गई थी। महिलाएं जहां कलशों को रंगने और सजाने में जुटी दिखीं। वहीं पुरुष यज्ञ मंडप को फूलों आदि से सजाने में मशगूल दिखे। इस दौरान यज्ञाचार्य रामअशीष पांडेय की देखरेख में पूजन के बाद गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। सबसे आगे हाथी-घोड़े चल रहे थे।
उसके पीछे 151 कन्याएं सिर पर कलश लिए जयकारा लगाती रहीं। कलश यात्रा ब्रह्मपुर, गड़ेरुवा, महदेवा, जमसर, लाटघाट होते हुए कल्याणपुर घाट पर पुरानी सरयू नदी पर पहुंची। जहां कलशों में जल भरा गया।
इसके बाद कलश यात्रा यज्ञ मंडप पहुंची। जहां विधि-विधान से कलशों की स्थापना कराई गई। वहीं भक्तों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर प्रधान योगेंद्र कुमार, परमानंद पटेल, रामसंत पटेल, रविंद्र गोंड, राजेश पटेल, बेचन, राजेंद्र सिंह, संदीप, मनीष मिश्र, छेदी सिंह के साथ ही काफी संख्या में महिला आैर पुरुषों की मौजूदगी रही।