सरकार की वादा खिलाफी से नाराज शिक्षकों ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जनपद इकाई के बैनर तले चेतावनी दिवस के रूप में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शिक्षकों ने शासनादेश जारी न होने की दशा में संघर्ष का ऐलान किया। धरने के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदेश महामंत्री इंद्रासन सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, विनियमितिकरण, सीटी ग्रेड की सेवाओं को एलटी ग्रेड में जोड़ने, वित्तविहीन शिक्षकों को वेतन आदि 20 सूत्री मांगों पर शासनादेश जारी करने का आश्वासन सरकार ने दिया था। लेकिन सरकार ने ऐसा न कर शिक्षकों के साथ वादाखिलाफी की है।
मंडलीय मंत्री वशिष्ठ सिंह ने कहा कि शिक्षक एकजुटता से ही संघर्ष का परिणाम निकलेगा। इस मौके पर मुन्नू यादव, ध्रुवमित्र शास्त्री, प्रभाकर राय, दुखंती यादव, सर्वेश्वर पांडेय, सुरेंद्र प्रताप राय, कल्पनाथ सिंह, दिवाकर पांडेय, अनिल चतुर्वेदी, रमेश सिंह,आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामबिहारी सिंह और संचालन प्रभाकर राय ने की ।