कप्तानगंज (सं.)। कस्बा के तेरही गांव स्थित गढ़िया बाबा के कुटी पर गुरुवार को श्रीरुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में सबसे आगे हाथी और उसके पीछे बैंड-बाजा वाले चल रहे थे। तो सबसे पीछे सिर पर कलश लिए 108 कन्याएं नंगे पांव तपती धरती पर जयकारा लगाते हुए चल रही थीं। कलश यात्रा कुटी से निकलकर आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग होते हुए कप्तानगंज कस्बा स्थित पंचदेव मंदिर परिसर स्थित पवित्र सरोवर के किनारे पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरा गया। इस मौके पर यज्ञकर्ता दत्तात्रेय मंडलेश्वर राघव रवि महाराज, मुक्तनाथ, श्यामनरायन, धीरज, आशीष, गौतम चौबे, राजीव, संजय, सुभाष चौबे, हरेंद्र, जयराम, नंदकेश मौजूद थे ।