गड़वार/चिलकहर। सुखपुरा थाना क्षेत्र के अलावलपुर मोड पर मंगलवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार पांच युवक धायल हो गए। इसमें सोनू कुमार, प्रेम सागर, राहुल कुमार, रोहित और नैन बाला गंभीर रूप से घायल हो गए आसपास के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने गंभीर अवस्था को देखते हुए राहुल और रोहित को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पांचों युवकों ने हेलमेट का प्रयोग नहीं किया था।
बलिया कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा निवासी सोनू 18 वर्ष, प्रेम सागर 20 वर्ष, राहुल 22 वर्ष बाइक से गड़वार से शहर की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान बलिया की तरफ से आ रहे सरया निवासी रोहित 26 वर्ष, नैन बाला 30 वर्ष अपने गांव जा रहे थे। दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें सोनू कुमार, प्रेम सागर, राहुल कुमार, रोहित और नैन बाला गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर सुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की सूचना परिजनों को दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी उस्मान ने बताया कि दो बाइकों के आमने-सामने टक्कर में पांच लोग घायल हो गए थे। सभी को जिला मुख्यालय पहुंचा गया, दो लोगों को वाराणसी रेफर किया गया है। हालत खतरे के बाहर है।