आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता पायी। वहीं तीन अन्य बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहे।
एसपी के निर्देश पर फूलपुर कोतवाली पुलिस शुक्रवार की शाम मुड़ियार बाग के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार चार बदमाश आते हुए दिखाई दिये। पुलिस ने उन्हें जब रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और बाइक मोड़ कर भागने लगे। इसी दौरान एक बाइक पलट गयी। इस दौरान एक बदमाश पैदल ही भागने लगा। जिसे पुलिस ने दौड़ा कर कुछ ही दूरी पर धर दबोचा। पूछताछ में पकड़े गये बदमाश ने अपना नाम शफीक उर्फ लल्लन पुत्र हाजी हसन निवासी मुड़ियार थाना कोतवाली फूलपुर बताया। वहीं भागने वाले बदमाशों के नाम उसने तारिक पुत्र कुतुबुद्दीन, हारिस पुत्र लतीफ व हारिस पुत्र अब्दुल अजीज निवासी मुड़ियार बताया। शफीक के पास से पुलिस ने एक तमंचा, चार जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। वहीं फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है।