आजमगढ़। जिले की कानून व्यवस्था इन दिनों काफी खराब हो चुकी है। ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही है तो वहीं अपराध पर लगाम लगाने में पुलिस महकमा पूरी तरह से फेल साबित हो रहा है। इसे देखते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने महकमे में बदलाव की कवायद शुरू कर दी है। शुक्रवार को जहां एक एसओ को निलंबित किया गया तो वहीं शनिवार को पांच के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए।
जिले में अपराधी सक्रिय है और पुलिस महकमा सुस्त पड़ गया है। अहरौला, फूलपुर, पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र जहां लूट, छिनैती करने वाले बदमाशों के लिए सॉफ्ट टारगेट बने है तो वहीं कई थाना क्षेत्र ऐसे है जहां पशु तस्करी व प्रतिबंधित मांस का कारोबार जोरशोर से चल रहा है। शुक्रवार को एसपी सुधीर कुमार सिंह ने महकमे की नकेल कसने की कवायद शुरू की। इसके तहत पशु तस्करी पर लगाम लगाने में फेल एसओ गंभीरपुर राकेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं मीडिया सेल प्रभारी संदीप यादव को एसओ जहानागंज, एसओ जहानागंज रहीं ज्ञानू प्रिया को एसओ गंभीरपुर, लाइन में रहे अनवर अली खां को मीडिया सेल प्रभारी, एसओ बिलरियागंज संजय कुमार सिंह को एसओ दीदारगंज, एसओ दीदारगंज धर्मेंद्र कुमार सिंह को एसओ बिलरियागंज व प्रभारी एसओ अहरौला श्रीप्रकाश शुक्ला को एसओ अहरौला बनाया गया। एसपी ने बताया कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के मद्देनजर यह बदलाव किया है। उन्होंने अभी और बदलाव से इंकार नहीं किया है।