बलरामपुर। होली के दिन जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्र में 9 घंटे में हुए चार सड़क हादसों में बाइक सवार मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हो गए। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी मनीषा अपने आठ माह के पुत्र श्रेयांश की तबीयत खराब होने के कारण इन दिनों वह अपने पिता के घर बिलरियागंज के श्रीनगर गई हुई थी। होली के दिन श्रेयांश की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। मनीषा सुबह 10 बजे भाई संदीप के साथ पुत्र को लेकर बाइक से आजमगढ़ दवा लेने के लिए आ रही थी। कंधरापुर थाना क्षेत्र के आजमपुर चकिया मोड़ के पास पहुंची थी कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इससे तीनों एक-दूसरे के विपरीत दिशा में जा गिरे। घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। लोग तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने मनीषा और उसके पुत्र श्रेयांश को मृत घोषित कर दिया। संदीप की हालत गंभीर देखते हुए इलाज के लिए भर्ती किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल के लिए थाने ले आई। थानाध्यक्ष सुनील दुबे ने बताया कि घायल की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में बिहार के कटिहार जिले के परानपुर थाना क्षेत्र के धबोल गांव निवासी सद्दाम (30) दिल्ली में ऑटो चलाकर परिवार की जीविका चलाते थे। होली पर पत्नी और बच्चों से मिलने रात को बाइक से चले थे। होली के दिन सुबह करीब 10 बजे सेहदा स्थित पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे थे कि अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और गिर गए। घटना की जानकारी पर पहुंची यूपीड़ा के राहत कर्मियों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। तीसरी घटना अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा कटही गांव की है। धनंजय (24) तीन बहनों में अकेला था। अप्रैल में उसकी सगाई होनी थी। होली के दिन वह बाजार गया था। शाम करीब सात बजे बाइक से घर लौट रहा था कि निजामाबाद मार्ग स्थित कटही गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी सीएचसी ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चौथी घटना निजामाबाद थाना क्षेत्र के देवधरपट्टी गांव निवासी बृजेश यादव (22) होली के दिन अपने साथी पुनीत यादव के साथ लोगों से मिलने-जुलने के लिए गए थे। शाम 6 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पुनीत चला रहा था। जमालपुर पुलिया के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। स्वजन दोनों को निजामाबाद सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने बृजेश को मृत घोषित कर पुनीत की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं अलग-अलग हादसों में घायल 14 लोगों को जिला अस्पताल भर्ती किया गया था। जिनका इलाज करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
मृतक सद्दाम, फाइल फोटो। संवाद