राजस्व ग्राम जियापुर दक्षिणी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों सहित मेडिकल स्टाफ से वार्ता करे डी
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के जियापुर दक्षिणी गांव में कोरोना संक्रमित मरीज के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और निगरानी समितियों की खामियां उजागर होनी शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमित मरीज समेत कुल पांच लोग दो बाइक से मुंबई से जियापुर आए थे। इसमें तीन ही जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। इनके भी सैंपल लेने के बाद इन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया। वहीं, अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
अपने संसाधनों से गांव में आने वाले प्रवासियों के बारे में जानकारी देने और पता करने की जिम्मेदारी निगरानी समिति को दी गई है। आठ मई को मुंबई के कुर्ला ईस्ट से दो बाइकों से पांच लोग जियापुर दक्षिणी में आए थे। इसमें तीन लोगों में कोरोना संबंधी लक्षण महसूस हुए तो ये पीएचसी तरवां पहुंचे। यहां लक्षण मिलने और सैंपलिंग होने के बाद भी इनको इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन नहीं किया गया। इनको होम क्वारंटीन कर दिया गया। इसमें दो लोगों की रिपोर्ट अभी तक आई है। एक निगेटिव और एक पॉजिटिव मिला है। तीसरे की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। इनके साथ आए दो और लोगों के बारे में पता भी नहीं किया गया। अब एक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दो अन्य लोगों की सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ये कहते हुए जिला अस्पताल का बचाव करते रहे कि संक्रमित व्यक्ति को सिर्फ खराश आदि की शिकायत थी। इसलिए होम क्वारंटीन किया गया।
आठ स्थानों पर बैरियर, 20 क्लोज कांटैक्ट चिह्नित
मेजनाजपुर। तरवां ब्लाक के जियापुर दक्षिणी गांव के आठ रास्तों को बैरियर लगाकर सील किया गया है। एक इंस्पेक्टर, सात दरोगा, 40 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 14 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। एसडीएम लालगंज पंकज श्रीवास्तव, सीओ लालगंज अजय यादव गांव में डटे हुए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिप्टी सीएमओ ने टीम को निर्देशित किया जो गांव में अन्य लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है। गांव की आबादी 2600 के आसपास है। आसपास के चार गांवों के लोगों का इस गांव में आना प्रतिबंधित किया गया है। कोरोना संक्रमित मरीज उसके क्लोज कांटैक्ट में आठ से 10 घर हैं जिसमें 13 लोगों को चिह्नित किया गया है। वहीं, इसी की बाइक पर बैठ के आए एक व्यक्ति और उसके घर के सात लोगों को चिह्नित कर कुल 20 लोगों को सैंपलिंग के लिए भेजा गया है।
70 फीसदी दुकानें बंद, दहशत
मेहनाजपुर। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मेहनाजपुर के आसपास के गांवों में दहशत की स्थिति है। जियापुर दक्षिणी गांव में एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से आसपास के गांवों के लोग काफी डरे हुए हैं। मुंबई से आए युवक के पॉजिटिव पाए जाने के बाद बाजार से भीड़ अचानक से गायब हो गई। 70 फीसदी दुकानें बंद रहीं। बैंकों और अस्पताल की भीड़ भी कमी हुई। ऑटो मोबाइल के दुकानदारों ने मीटिंग कर 30 मई तक अपनी दुकानें बन्द रखने का निर्णय लिया है।