आजमगढ़। मंडलायुक्त कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी व उनके भाई पर चकरोड पर कब्जे का आरोप लगा है। इस मामले में शहर कोतवाली के बलरामपुर चौकी पर हुई पंचायत में इन पर शिकायतकर्ता को चौकी प्रभारी की मौजूदगी में जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
शहर कोतवाली के हाफिजपुर गांव निवासी हरेंद्र चौहान का आरोप है कि मंडलायुक्त कार्यालय में कर्मचारी व उनके भाई गांव के चकरोड की भूमि पर कब्जा कर लिए हैं। इसकी शिकायत एसडीएम सदर से की गई थी। इस पर हलका लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर चकरोड का सीमांकन कर खूंटा भी लगा दिया लेकिन उन लोगों ने उसे उखाड़कर फेंक दिया। इसकी शिकायत भी 28 मई को एसडीएम से की गई। जिस पर चौकी इंचार्ज बलरामपुर ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया। आरोप लगाया कि पंचायत के दौरान चौकी इंचार्ज के सामने ही जानमाल की धमकी दी और कहा कि मैं जो चाहूंगा वही होगा। चौकी प्रभारी मूकदर्शक बने रहे। शिकायतकर्ता ने पूरे पंचायत की मोबाइल से वीडियो भी बनाई है। चौकी प्रभारी द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर शिकायतकर्ता ने सोमवार को एसपी को पत्रक देकर मुकदमा दर्ज कराने और जानमाल रक्षा की गुहार लगाई है।