अहरौला। उदैना गांव निवासी एक व्यक्ति के घर व स्कूल पर मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की इस घटना में पूरे परिवार व ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची अहरौला थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। वहीं पीड़ित ने घटना के बाबत थाने पर तहरीर दी है।
उदैना गांव निवासी डॉ. जगदंबा प्रसाद उपाध्याय का मकान गांव में है और 100 मीटर की दूरी पर ही उनका महाविद्यालय है। मंगलवार की रात अज्ञात बदमाश उनके घर व महाविद्यालय पर हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की इस घटना से महाविद्यालय प्रबंधक के परिवार के साथ ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। डॉ. जगदंबा का कहना है कि मंगलवार की रात घर व स्कूल पर फायरिंग हुई तो चार दिन पूर्व कुछ लोगों ने उनके घर के छत पर चढ़ने की कोशिश की थी। पीड़ित ने घटना के बाबत डॉयल 112 पर शिकायत दर्ज कराई। अहरौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसओ ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित परिवार को दो कांस्टेबलों की सुरक्षा प्रदान कर दी गई है। प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सतर्कता बरती जा रही है।