पंचायत चुनाव के मतदान से एक दिन पहले बुधवार की शाम वोटरों को रुपया बांटने के विवाद में जिला पंचायत पद के दो उम्मीदवारों के समर्थकों में गोलियां चलीं।
बरदह थाने के जमुआव पुल पर हुई फायरिंग की इस घटना में एक पक्ष दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें बनारस के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
तनाव को देखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है। कमा ब्लाक के महुवारी वार्ड से जिला पंचायत पद पर मोहम्मदपुर फेटी गांव के शाहजमा खान की पत्नी शीबा खान और भगौतीपुर के भूपेंद्र सिंह मुन्ना की पत्नी और निवर्तमान ब्लाक प्रमुख संध्या सिंह चुनाव लड़ रही हैं।
चौथे चरण के लिए गुरुवार को मतदान होना है। इससे एक दिन पहले एक प्रत्याशी के समर्थक महुवारी तिराहे पर लोगों को रुपये बांटने की सूचना मिलने पर दूसरे प्रत्याशी के समर्थक वहां पहुंच गए।
दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी लेकिन क्षेत्रीय निवासियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। करीब एक किलोमीटर दूर जमुआवा पुल के पास दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए।
तभी एक पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से संध्या सिंह के पक्ष के दो लोग घायल हो गए। घायलों में दीदारगंज थाने के सुरहन गांव निवासी बाल मुकुंद तिवारी और अहरौला थाने के गनवारा गांव निवासी संतोष सिंह शामिल हैं।
स्थानीय डाक्टर से आरंभिक उपचार कराने के बाद घायलों को वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर तुरंत एडीएम (प्रशासन) आशुतोष द्विवेदी, एएसपी नगर विनोद कुमार, एसडीएम लालगंज, सीओ लालगंज कई थानों की फोर्स और पीएसी लेकर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
एसडीएम लालगंज शीतला प्रसाद यादव ने बताया कि भूपेंद्र सिंह मुन्ना और शाहजमा की पत्नियां चुनाव लड़ रही हैं। इनके समर्थकों के बीच गोली चली है। इसमें मुन्ना सिंह के समर्थक घायल हुए हैं। अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी है।