गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नंगवा गांव निवासी छह लोगों को कच्चे मकान में बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मकान सहित भीतर रखे गए लाखो रुपये मूल्य के कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए।
पीड़ितों में अलीहुसैन, सर्फूद्दीन, रहिशुन पत्नी मंसूर, आयशा पत्नी जुनैद, रियासुद्दीन पुत्र हबीबुल्ला सहित छह लोगों का कच्चा मकान आपस में सटा हुआ है। बुधवार की शाम करीब पांच बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से इनके मकान में आग लग गई। गांव के लोग जब तक आग की इस घटना पर काबू पाते कि इन छह लोगों का मकान और भीतर रखे गए कीमती सामान आदि जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार निजामाबाद लाल बहादुर यादव क्षेत्रीय लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने पीड़ितों को नियम के तहत मिलने वाले प्रत्येक सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलवाने का आश्वासन दिया।
अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चरऊवां गांव में बुधवार की शाम शार्ट सर्किट से आग लगने से चार रिहाइशी मड़इयां और भीतर रखे करीब सवा लाख रुपये मूल्य के सामान जल गए। घटना में चरऊवां गांव निवासी धर्मेंद्र मौर्य चंदन मौर्य की एक एक और सुभाष मौर्य की दो मड़इयां जलकर राख हुई हैं।
पीड़ितों ने बताया कि बुधवार की शाम करीब चार बजे अचानक तेज हवा चलने पर घर के ऊपर से गुजरे तार आपस में सटे। चिंगारी निकलकर उनकी मड़ई पर गिरी और आग लग गई। घटना में चारों लोगों की मड़ई और भीतर रखे गए करीब सवा लाख रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए।
क्षेत्रीय लेखपाल ने तीनों लोगों का करीब 30-30 हजार रुपये मूल्य का नुकसान होने की रिपोर्ट एसडीएम फूलपुर को दी है। फूलपुर थाना क्षेत्र के नेवदा स्थित इसरार के गेहूं के खेत में बुधवार की दोपहर हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी से लगभग ढाई बीघा गेहूं फसल जलकर राख हो गई।
अग्निशमन दल के कर्मचारी पहुंचे थे लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। उधर, लाटघाट : रौनापार गांव निवासी मिठाई शर्मा के खलिहान में रखे गए गेहूं के बोझ में मंगलवार की रात आग लगने से 120 बोझ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित ने घटना के संबंध में रात को ही अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
मुबारकपुर : थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में हाईटेंशन तार के टूटने से गांव के संतोष यादव के एक बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। संतोष यादव ने एक बीघा गेहूं की फसल कटवाकर खेत में ही रखा था। टेंट का सामान लादकर जा रहा ट्रैक्टर तार में फंसकर टूट गया। इसके चलते गेहूं की फसल में आग लग गई।