थाना क्षेत्र के लेडुवावर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक व्यक्ति के पशुशाला में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक पशुशाला में बंधे एक मवेशी की जल कर मौत हो गई तो वहीं दो अन्य मवेशी झुलस गए।
लेडुवावर गांव निवासी ओम प्रकाश पशुपालक है। पशुओं को रखने के लिए वह घर के पास ही पशुशाला बना रखा है। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे पशुशाला में अचानक आग लग गई। ओमप्रकाश के साथ ही गांव के अन्य लोग आनन-फानन में आग बुझाने की कवायद में जुट गए। मात्र एक भैंस को पशुशाला से बाहर निकाला जा सका। जबकि एक अन्य मवेशी की झुलस कर मौत हो गई। वहीं दो अन्य मवेशी झुलस गए। ग्रामीणों ने पानी डाल कर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना के बाबत क्षेत्रीय लेखपाल कुंजीलाल को सूचना दे दी गई है।