आजमगढ़। सूर्य की तपिश ने मंगलवार को अपना असर दिखाया। तापमान 42 डिग्री तक जा पहुंचा। अपने काम से बाहर निकला हर व्यक्ति परेशान दिखा। हफ्ते भर के अंदर पारा करीब 10 डिग्री बढ़ गया है। ऐसे में ठंडे पेय पदार्थों की मांग काफी बढ़ गई है और जगह-जगह इनकी दुकानें लग गईं हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर बच्चे निढाल होने लगे हैं।
बीच अप्रैल के ही गर्मी अपने प्रचंड रूप में आ गई है। लू के थपेड़ों के बीच दोपहर के समय आसमान से मंगलवार को आग बरसती रही। दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। चिलचिलाती धूप ने बाहर निकले लोगों को खूब वाले लोगों को परेशानी में डाले रखा। बाहर निकलने वाले लोगों को सूरज की तपती किरणों से सामना कराना पड़ा। धूप से बचाव के लिए लोगों ने सिर पर कपड़ा, टोपी, चश्मा आदि का प्रयोग कर बचने की कोशिश की। हर कोई गर्मी के कारण बेचैन दिखा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले को देखा गया। छुट्टी होने के बाद बच्चे धूप में हांफते हुए घर पहुंचे।
-ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ी
गर्मी बढ़ने के चलते दुकानों पर ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में बढ़ोत्तरी हुई है। शहर के कलेक्ट्रेट चौराहा, एसपी आफिस, गिरजा घर, मुख्य चौक, पहाड़पुर, ब्रह्मस्थान आदि जगहों पर गन्ने के रस, बेल शर्बत, लस्सी और कोल्ड ड्रिंक की दुकानें सजी हुई है। जूस विक्रेता प्रकाश सोनकर ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ बिक्री में तेजी आई है। लोग गन्ने के रस और बेल शरबत को प्यास बुझाने के लिए काफी पसंद कर रहे हैं।
-धूप से आने पर तुरंत पानी पीने से बचें
गर्मी के मौसम में ठंडे पेय पदार्थ शरीर को राहत जरूर पहुंचाते हैं। लेकिन अगर इनका प्रयोग संभल कर न करें तो यह आपको बीमार भी कर सकता है। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डा. राजनाथ की मानें तो धूप से आने के बाद तत्काल ठंडे पेय पदार्थ का इस्तेमाल न करें। खुले पेय पदार्थों से जहां तक हो सके बचें। नहीं तो यह पीलिया, डायरिया जैसे खतरनाक बीमारियों को दावत दे सकता है। घर से जब भी निकलें भरपेट पानी पीकर निकलें और पूरे शरीर को ढंककर निकलें।
-धूप से हो सकती है एलर्जी
स्किन रोग विशेषज्ञ डा. अंशुमान राय की मानें तो धूप में सबसे ज्यादा एलर्जी की समस्या होती है। शरीर पर खुजली वाले चकत्ते निकल आते हैं। शरीर की चमड़ी जल जाती है। इसलिए घर से निकलते समय पर पूरे शरीर को ढ़ककर निकलें। हो सके तो छाता का प्रयोग करें या तो फिर शरीर पर सन स्क्रीन लोशन को लगाने के बाद घर से निकलें।
इस तरह रहा तापमान
दिन न्यूनतम अधिकतम
11 अप्रैल 22 32
12 अप्रैल 22 34
13 अप्रैल 21 35
14 अप्रैल 18 35
15 अप्रैल 19 38
16 अप्रैल 23 40
17 अप्रैल 25 42