जमीन मुहम्मदपुर में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी की बैटरी फटने से जले सामान। संवाद
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन मुहम्मदपुर गांव में सोमवार रात इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से स्कूटी, फ्रिज, टीवी, अनाज और बच्चों की किताब-कॉपियों समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जमीन मुहम्मदपुर गांव निवासी जयमूर्ति पत्नी सिधू के मकान में सोमवार रात करीब नौ बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी धमाके के साथ फट गई।
इसके बाद स्कूटी में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने मकान के अन्य हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर में आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने टुल्लू पंप, बाल्टी और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था।
आग में इलेक्ट्रिक स्कूटी के अलावा फ्रिज, टीवी, कपड़े, खाद्यान्न, बिस्तर और बच्चों की किताब-कॉपियां समेत घरेलू सामान जल गया। परिवार के सामने घरेलू सामान के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल भैरवनाथ साहनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और आकलन रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को सौंप दी।