आजमगढ़। शादी का झांसा देकर व चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर रौनापार क्षेत्र की एक युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में कार्रवाई हुई है। इस मामले में जीयनपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन हरिशंकर यादव और उसके भाई कृपाशंकर पर शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती ने दोनों सगे भाइयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी को 28 नवंबर को प्रार्थना-पत्र दिया था। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
एसपी को दी गई तहरीर में युवती ने बताया है कि पहले शादी का झांसा देकर भाई ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। इसके बाद दूसरे भाई जीयनपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन ने उसे भी नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने बताया है कि उसकी मुलाकात मार्च 2021 में ग्राम हसनपट्टी थाना जीयनपुर निवासी कृपाशंकर यादव से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और फरवरी 2024 में कृपाशंकर ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने स्वीकार कर लिया। 30 अगस्त 2024 को कृपाशंकर उसे आजमगढ़ रोडवेज के पास एक लॉज में ले गया और शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने फोटो और वीडियो भी बना ली। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करने लगा और लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की धमकी देने लगा। ऐसा न करने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। यह बात कृपाशंकर के बड़े भाई पूर्व चेयरमैन हरिशंकर यादव को पता चली तो उसने युवती को फोन करके बुलाया और अपनी गाड़ी से लक्षिरामपुर स्थित अपने घर ले गया। यहां चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर उसे घर छोड़ दिया गया। जून 2025 से कृपाशंकर ने युवती से बात करनी बंद कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित युवती ने 28 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। अब पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पूर्व चेयरमैन और उसके भाई पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
रौनापार क्षेत्र की एक युवती की तहरीर पर दो भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। - यादवेंद्र पांडेय, प्रभारी शहर कोतवाली।